हरिद्वार,9 अगस्त। भाजपा सरकार के दिग्गज नेता पूर्व मंत्री के घर के बाहर दिन दहाड़े भाजपा के ही दो गुटों मे फायरिंग के मामले मे तीन दिन बाद कांग्रेस को विरोध करने की याद आयी। गोलीकांड मामले मे आज कांग्रेस ने प्रदर्शन किया और भाजपा सरकार मे मंत्री रहे ताकतवर नेता को हरिद्वार मे नशे के सौदागरों का सरपरस्त बताते हुए इस मामले मे कड़ी कार्रवाई की मांग की।
भाजपा के लिए ही गले की फांस बने गोलीकांड मामले मे आज कांग्रेस सड़को पर उतरी और दिनदहाड़े फायरिंग और इस कांड की वजह माने जा रहे नशे के करोबार को लेकर भाजपा पर जोरदार हमला किया। गोलीकांड मे भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व कैबिनेट मंत्री का नाम भी जुड़ने पर कांग्रेस नेता पूर्व पालिकाध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी ने आरोप लगाया की पूर्व मंत्री विधायक मदन कौशिक के संरक्षण मे उनके गुर्गो ने धर्मनगरी को नशे के गर्त मे धाकले दिया हैं। उनके घर के पास सरेआम हुए गोलीकांड से जुड़े दोनों गुट पूर्वमंत्री के खासमखास माने जाते है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी का कहना है कि भाजपा के दो गुटों मे गोलीबारी की वजह नशे के धंधे पर वर्चस्व की लडाई है और दोनों गुटों को ही इस धंधे और आपस में सड़कों पर लड़ रहे भाजपा के इन दोनों गुटों को भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक का संरक्षण मिला हुआ है।
सतपाल ब्रह्मचारी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मांग की है कि मुख्यमंत्री का उत्तराखंड को नशा मुक्त बनाने का संकल्प जब पूरा होगा जब वह भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक और और उनके समर्थकों के खिलाफ गंभीरता से कड़ी कार्रवाई करेंगे। सतपाल ब्रह्मचारी ने दो टूक शब्दों में कहा कि हरिद्वार में चल रहे नशे के कारोबार करने वालों को भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और स्थानीय विधायक मदन कौशिक का संरक्षण प्राप्त है और जिस तरह से भाजपा के दो गुटों के कार्यकर्ता नशे के कारोबार को लेकर सड़कों पर हिंसक रूप से उतरे उसने हरिद्वार की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा की यदि हरिद्वार में नशे के कारोबारियों पर सख्त कार्यवाही नहीं की गई तो 1 दिन हरिद्वार पूरे प्रदेश और देश में नशे के कारोबार का सबसे बड़ा केंद्र हो जाएगा जिससे तीर्थ नगरी हरिद्वार की गरिमा के अस्तित्व को खतरा पैदा हो जाएगा।