पंचायत चुनाव मे भाजपा रिकार्ड जीत की ओर, बसपा दूसरे नम्बर पर, कांग्रेस की दुर्गति 

हरिद्वार, 29 सितम्बर। हरिद्वार जिले मे त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव मे इस बार भाजपा रिकार्ड तोड़ जीत की और बढ़ रही है। पहली बार भाजपा जिला पंचायत के चुनाव मे अपने बलबूते बोर्ड बना सकती है जबकि भाजपा सभी 6 ब्लॉक मे प्रमुख और ज्यादातर गावों मे अपने प्रधान बनाने मे कामयाब हो रही है।

 

हालांकि जिला पंचायत की कुल 44 सीटों के अधिकृत परिणाम अभी तक घोषित नहीं किये गए है मगर जानकारी के अनुसार भाजपा देर शाम तक जिला पंचायत की 15 सीटें जीत चुकी थी। जबकि दूसरे नम्बर पर बसपा बताई जा रही है। पिछले चुनाव मे जिला पंचायत पर काबिज रहने वाली कांग्रेस का प्रदर्शन इस बार बहुत निराशाजनक रहा है। कांग्रेस के दिग्गज नेता हरीश रावत की बेटी विधायक अनुपमा रावत के चुनाव क्षेत्र से कांग्रेस का एक भी प्रत्याशी नहीं जीत पाया।

 

हरिद्वार जिले मे भाजपा पंचायत चुनाव मे पहली बार प्रचंड जीत दर्ज करने जा रही है। जिला पंचायत की 44 सीटों मे भाजपा अभी तक 15 सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है।भाजपा ने सबसे बड़ी जीत बहादराबाद ब्लॉक मे दर्ज की है जंहा कुल 6 मे से 5 सीटों पर भाजपा विजय रही है। अभी तक 44 सीटों मे से केवल 8 सीटों के अधिकृत परिणाम घोषित किये गए है। बसपा को अभी तक 7 सीटें ही मिली है। जबकि 8 के करीब निर्दलीय प्रत्याशी जीते है। कांग्रेस को अभी तक जिला पंचायत की केवल तीन सीटों पर जीत मिली है। अंतिम परिणाम घोषित होने तक भाजपा 18 से 20 सीटें जीत कर पहली बार जिला पंचायत पर कब्ज़ा करने जा रही है।

 

क्षेत्र पंचायत की 218 सीटों मे से अभी तक 181 परिणाम घोषित किये गए है। जिले के कुल 6 ब्लॉक मे पहली बार ज्यादातर सदस्य भाजपा के जीते है और सभी ब्लॉक मे भाजपा के प्रमुख बनने जा रहे है।

 

जिले की 316 ग्राम सभाओ मे भी पहली बार भाजपा रिकार्ड बनाने जा रही है। अभी तक 316 मे से 282 ग्राम सभाओ मे प्रधान पद पर परिणाम घोषित किये गए है जिनमे से ज्यादातर भाजपा समर्थित प्रधान चुन कर आये है। जिले मे दूसरे नम्बर पर बसपा चल रही है जबकि पंचायत चुनाव मे कांग्रेस की सबसे ज्यादा दुर्गति नजर आ रही है। कांग्रेस निर्दलीयों से भी पीछे चौथे नम्बर पर नजर आ रही है।

 

पंचायत चुनाव मे भाजपा के शानदार प्रदर्शन पर पूर्व केंद्रीय मंत्री हरिद्वार सांसद रमेश पोखरियाल निशंक ने ख़ुशी जाहिर क़रते हुए कहा की पहली बार जिले मे पंचायत चुनाव मे भाजपा ने परचम लहराया है। उन्होंने कहा की जिले की ग्रामीण जनता ने भाजपा के नेतृत्व और नीतियों पर भरोसा जताया है और भाजपा के प्रत्याशी भारी वोटों से जीत रहे है।

 

पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद का कहना है कि भाजपा को जनादेश देकर जनता ने भाजपा पर विश्वास जताया है। उन्होंने जनता का आभार जताते हुए कहा की क्षेत्र में 6 महीने से रूके हुए विकास कार्य भाजपा का बोर्ड बनते ही शुरू हो जाएंगे।

 

 

Front Page Bureau

Front Page Bureau

This function has been disabled for Front Page Newz.