उत्तराखंड़ में हादसों का मंगलवारः सड़क हादसों में 14 की मौत, कई घायल
उत्तराखंड के चंपावत जिले में भीषण सड़क हादसा हुआ है। यहां बारातियों से भरी एक मैक्स गाड़ी गहरी खाई में गिर गई। मैक्स में सवार 10 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। गाड़ी बारातियों को टनकपुर से लेकर वापस लौट रही थी। हादसा देर रात सूखीढांग में हुआ। हादसे पर पीएम मोदी ने दुख जताया है। पीएमओ ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए के मुआवजे का ऐलान किया है। घायलों को 50 हजार रुपए की मदद मिलेगी।
चंपावत जनपद में देर रात एक मैक्स वाहन खाई में गिर गया। हादसे में 10 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि ये हादसा सूखीढांग-डांडामीनार रोड पर हुआ। बताया जा रहा है कि मैक्स वाहन संख्या यूके 04 टीए 4712 में सवार सभी लोग टनकपुर के पंचमुखी धर्मशाला में ककनई निवासी लक्ष्मण सिंह के पुत्र मनोज सिंह की शादी में शामिल होकर वापस घर लौट रहे थे। रात 3 बजकर 20 मिनट के आसपास मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। अधिकांश मृतक लक्ष्मण सिंह के सगे संबंधी बताए जा रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस व रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल चंपावत में भर्ती कराया गया है।
चंपावत रोड एक्सिडेंट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख और परिजनों के प्रति संवेदना जाहिर की। प्रधानमंत्री कार्यालय से किए गए एक ट्वीट में लिखा गया, स्थानीय प्रशासन रेस्क्यू में लगा हुआ है। 10 से ज्यादा शवों को खाई से बाहर निकाला गया है। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल दो लोगों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया है। यहां उनका प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। घायलों में चालक की हालत ज्यादा गंभीर बताई जा रही है। मृतक ककनई के डांडा और कठौती गांव के हैं। दुर्घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। माना यह जा रहा है कि मैक्स में क्षमता से अधिक सवारी होने से दुर्घटना हुई है। ये भी आशंका जताई जा रही है कि देर रात होने के कारण ड्राइवर को नींद की झपकी आ गई होगी। पुलिस हादसे के हर पहलू की जांच कर रही है। कुछ घंटे पहले जो लोग शादी समारोह की खुशियों में शामिल थे, हादसे ने उनकी जान ले ली। 10 से ज्यादा बारातियों की मौत से शादी की खुशियां भी मातम में बदल गईं।
वहीं भीमताल घूमकर दिल्ली वापस लौट रहे पर्यटकों की कार भीमताल के सलड़ी क्षेत्र में खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार 5 लोग घायल हो गए हैं। घायलों का रेक्स्यू कर लिया गया है। स्थानीय लोगों द्वारा कार खाई में गिरने की सूचना तत्काल भीमताल पुलिस को दी गई। भीमताल पुलिस द्वारा सभी घायलों को खाई से बाहर निकाल कर 108 एंबुलेंस व स्थानीय लोगों की मदद से भीमताल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां सभी का उपचार जारी है।
भीमताल सलड़ी चौकी के इंचार्ज राजेश मिश्र ने बताया कि पर्यटक नैनीताल, भीमताल समेत आसपास के पर्यटक स्थल घूमकर वापस दिल्ली की तरफ लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। जिन्हें खाई से निकालकर उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवा दिया गया है। सभी की हालत सामान्य बनी हुई है। उधर मसूरी के टिहरी बाईपास लक्ष्मणपुरी के पास एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उप जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि देर रात नशे की हालत में चालक कार चला रहा था। स्थानीय लोगों द्वारा दोनों युवकों को खाई से निकालकर अस्पताल भर्ती करवाया गया। दोनों युवक दिल्ली के रहने वाले हैं। ूसरी तरफ पौड़ी के दुगड्डा में भी एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि दो लोग घायल हो गये हैं।